जब दरवाज़े भेढ़ दिए जाते हैं
और आप भीतर बंद;
मनाही होती है
कहीं निकलने की,
किसी से मिलने की,
बतियाने की,
छूने की.
यह कर्फ्यू है.
पर यह कर्फ्यू है तन का
मन का नहीं.
मन के लिए कोई दरवाज़ा बंद नहीं,
कोई दीवार ऊंची नहीं,
कोई फासला दूर नहीं.
निकल पड़ता है वह
पहली अजान के साथ
और देर तक लौटता है.
कभी तो वह भी नहीं
कई दिन.
घूमता है वह उन गलियों मे
जो तुम्हारी हैं,
जहाँ मनाही है.
रहता है वह
जहाँ चाहता है रहना
जिसके साथ,
आठों पहर.
***
No comments:
Post a Comment